रामपुर मनिहारान के गांव घसौती में अंडर पास में भरे पानी से गुजरते वाहन। स्रोत- ग्रामीण
रामपुर मनिहारान। गांव घसौती में रेलवे अंडरपास में बारिश के पानी से जलभराव होने से आधा दर्जन गांवों के किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरपास की समस्या को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, रेल मंत्री को दर्जन भर ज्ञापन भेजे जा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। भाकियू पथिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौधरी ने बताया कि रेलवे अंडर पास में पुल के नीचे बरसात में दस फीट पानी भर गया है। पशुओं का चारा लाने के लिए मजबूरी में अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाकियू पथिक ने लंबे समय से रेलवे अंडर पास में पुल के नीचे बरसात में पानी भरने की समस्या के निदान की मांग करती आ रही है। बिटटू, सतबीर, बिजेंद्र, ओमसिह कश्यप, भूरा, आजाद, संजय, सिताब सिंह, नरेंद्र, योगेश आदि ने प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।