गणेशपुर में हाईवे निर्माण अथारिटी कार्यालय पर धरना देती महिलाएं। श्रोत ग्रामीण
बिहारीगढ़। गांव गणेशपुर में पानी की सप्लाई बंद होने से परेशान ग्रामीणों ने एक्सप्रेस वे के निर्माण में लगी कंपनी के कार्यालय पर जाकर धरना प्रदर्शन किया। निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा मौके पर पहुंच पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण शांत हुए।
बता दें कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे के निर्माण में गांव गणेशपुर में फ्लाईओवर का काम चल रहा है। इसके चलते गांव की आबादी को आपूर्ति करने वाली पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी है। इससे गामीणों को पिछले ढाई माह से पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। रविवार को ग्रामीण ग्राम प्रधान के नेतृत्व में अपने परिवार की महिलाओं और बच्चों को लेकर हाईवे अथारिटी के कार्यालय पर पहुंचे। जहां वे दरी बिछा कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी भी की। सूचना के बाद निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को सुना और भरोसा दिलाया कि फिलहाल पानी की सप्लाई अस्थायी रूप से चालू कराई जा रही है। एक सप्ताह के बाद नई पाइप लाइन बिछा कर समस्या का स्थायी समाधान करा दिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। धरना प्रदर्शन करने वालों में बृजपाल तोमर, अजमेर सिंह, हरि सिंह, विपिन, प्रदीप कुमार, सचिन, उषा देवी, सविता, बबीता, शब्बो, सुषमा, सुमित्रा, रज्जो, रजनी देवी आदि मौजूद रही।