साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट के गांव सलेमपुर गदा निवासी सचिन सैनी (40) पुत्र रामकुमार बीती रात किसी जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सचिन सैनी पिछले दस वर्षों से आईआईटी रुड़की में प्राइवेट तौर पर कार्य कर रहा है। वह तभी से अपने परिवार के साथ रुड़की में मकान लेकर रह रहा था। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की रात सचिन अपने कमरे में सोया था। शुक्रवार की सुबह पत्नी सुमन ने कमरा खोला तो देखा कि सचिन बेसुध अवस्था में पड़ा है। परिजनों ने स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया तो उन्होंने सचिन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन सचिन को रुड़की से अपने गांव सलेमपुर गदा ले आए। नहाते वक्त सचिन की पीठ पर परिजनों को किसी कीड़े के काटने का निशान दिखाई दिया। माना जा रहा है कि किसी जहरीले कीडे़े के काटने से उसकी मौत हुई है। बेहद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सलेमपुर गदा में सचिन के घर के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़- फोटो : SAHARANPUR