मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में कुलपति के कक्ष में धरने देते जेवी जैन डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में अल्पसंख्यक कोटे की सीटों पर हुए दाखिलों में से मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने नौ छात्रों के दाखिले निरस्त कर दिए। इससे नाराज छात्रों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति का घेराव किया। इस दौरान एक छात्रा की तबीयत भी बिगड़ गई।
घेराव करने पहुंचे छात्र नेता अंकित सैनी और पंकज ने बताया कि अल्पसंख्यक कोटे के दाखिलों को लेकर एबीवीपी परिषद के पूर्व प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मोहित शर्मा ने विश्वविद्यालय से शिकायत की थी। विवि ने मामले की जांच कराई, जिसमें अल्पसंख्यक कोटे के तहत नौ तथा विश्वविद्यालय के कोटे के तहत तीन सीटों के प्रवेश गलत पाए गए। जिसके बाद सभी 12 दाखिलों को निरस्त कर दिया गया। इससे नाराज छात्र मंगलवार को कुलपति प्रो. एचएस सिंह का घेराव करने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने बाहर नारेबाजी करने के बाद कुलपति कार्यालय में फर्श पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसे उपचार के लिए नजदीकी डॉ. के पास ले जाया गया। घेराव करने वालों में बंटी चौधरी, अमित चौधरी, गौरव सैनी, सागर गौतम, तुलसी, अक्षय, अनमोल, विश्वजीत आदि शामिल रहे।