संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोर्ट रोड पुल पर मैस्टिक फ्लोरिंग विधि से सड़क तैयार की जा रही है। यह महानगर की एकमात्र सड़क होगी जो इस विधि से तैयार की जा रही है। सड़क पर फिसलने का डर नहीं रहता। ऐसे में वाहन फर्राटा भर सकेंगे। सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके 31 अक्तूबर तक पूर्ण होने की संभावना है।
घंटाघर से हसनपुर चौक तक स्मार्ट रोड बनाने का कार्य चल रहा है। पहले चरण में घंटाघर से कोर्ट रोड पुल तक की सड़क बनाई गई है। दूसरे चरण में पुल और पुल से आगे हसनपुर तक की सड़क का कार्य शुरू किया गया है। नौ अक्तूबर की रात से पुल पर मैस्टिक फ्लोरिंग विधि से सड़क बनाने का कार्य शुरू किया गया है। कार्य के लिए 20 दिन का समय कार्यदायी संस्था ने मांगा हुआ है। इस विधि की ज्यादातर सड़कें दिल्ली में होती हैं। जिसमें समय और पैसा अधिक खर्च होता है। लेकिन यहां केवल कोर्ट रोड पुल पर करीब 250 मीटर की टुकड़ा तैयार किया जा रहा है।
बीते करीब तीन साल से पुल के ऊपर की सड़क टूटी हुई थी, जिसमें गहरे गड्ढे बने हुए थे, लेकिन अब माना जा रहा है कि सड़क बनने के कम से कम पांच साल तक सड़क टूटेगी नहीं और वाहन चालक बिना किसी डर के फर्राटा भर सकेंगे।
- कोर्ट रोड पुल के ऊपर मैस्टिक फ्लोरिंंग विधि से सड़क तैयार की जा रही है। यह सड़क टिकाऊ तो होती ही है। साथ ही इस पर वाहनों के फिसलने का खतरा भी नहीं रहता है। करीब 250 मीटर की सड़क तैयार करने में 15 से 20 दिन लगते हैं। प्रयास यही है कि गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य समय से पूर्ण हो। - अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।