सहारनपुर। 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण आज से शुरू हो रहा है। जनपद में कुल 2.4 लाख किशोर हैं। टीकाकरण के लिए किशोरों का पंजीकरण एक जनवरी से चल रहा है। सोमवार से होने वाले टीकाकरण को लेकर विभागीय स्तर से तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि सोमवार से 15 से 18 आयु वर्ग वाले किशोरों को टीका लगाया जाना है। टीकाकरण सीएचसी गंगोह, सीएचसी फतेहपुर, सीएचसी पुवांरका, सीएचसी हरोड़ा, सीएचसी रामपुर मनिहारान, सीएचसी सरसावा, सीएचसी चिलकाना, सीएचसी देवबं, सीएचसी नागल, सीएचसी नकुड़, सीएचसी नानौता, सीएचसी बेहट, सीएचसी सुन्हेटी खड़खड़ी, पीएचसी मुजफ्फराबाद, पीएचसी हलालपुर, पीएचसी नवाबगंज, पुलिस लाइन, जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में होगा। पंजीकृत किशोरों को उनके टीकाकरण केंद्र की सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से पहले ही भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष की आयु वालों का पंजीकरण एक जनवरी से चल रहा है। वर्ष 2007 या उससे पहले जन्मे लोग ही पंजीकरण करा सकते हैं।
मुंह पर मास्क नहीं, तो जिला अस्पताल में इलाज नहीं
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एसबीडी जिला अस्पताल ने वहां आने वाले मरीजों पर सख्ती शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन ने इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मुंह पर मास्क लगाकर आने को कहा है। जिससे किसी संक्रमित व्यक्ति से उनमें संक्रमण ना फैल सके। चेतावनी दी है कि बिना मास्क लगाए आने वाले मरीजों को इलाज नहीं दिया जाएगा। ओपीडी के बाहर तैनात वार्ड ब्वाय को भी निर्देश दिए हैं कि वह ओपीडी में आने वाले मरीजों को मास्क लगाने को कहें तथा कतारों में लगने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं।
केवल 3567 लोगों ने लगवाया टीका
कोविड टीकाकरण अभियान में रविवार को टीकाकरण पूरी तरह विफल रहा। टीकाकरण के लिए जनपद में 72 बूथ बनाए गए थे, जिन पर कुल 68,500 लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक दी जानी थी, लेकिन इनके सापेक्ष मात्र 3567 ही लोग टीका लगवाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। रविवार को मात्र 5.2 फीसदी टीकाकरण हुआ।