सहारनपुर। नगर निगम में ठेकेदारों पर कार्रवाई होने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नगरायुक्त ने यूजर चार्ज का ठेका निरस्त करते हुए 30 लाख रुपये की जमानत राशि जब्त करने के निर्देश दिए हैं। ठेका फर्म को ब्लैक लिस्ट भी किया गया है।
नगर निगम ने यूजर चार्ज वसूलने के लिए ठेका छोड़ा था। 30 लाख रुपये जमानत राशि जमा कराई गई थी। ठेका शर्तों के अनुसार ठेका फर्म को प्रति माह 11 लाख रुपये नगर निगम में जमा कराने थे। आरोप है कि ठेका फर्म ने लंबे समय से निगम में पैसा जमा नहीं कराया। वर्तमान में फर्म पर 1.21 करोड़ रुपये का बकाया हो गया था। बार-बार पत्र लिखने के बाद भी ठेकेदार ने जब पैसा जमा नहीं कराया तो नगरायुक्त संजय चौहान ने ठेका निरस्त करते हुए जमानत राशि 30 लाख रुपये भी जमा कर लिए हैं। अब 90 लाख रुपये बकाया धनराशि का वसूली प्रमाणपत्र जारी किया गया है, साथ ही संबंधित ठेकेदार को काली सूची में डालते हुए यूजर चार्ज के लिए दोबारा ई-निविदा आमंत्रित करने की संस्तुति की गई है। बीते छह महीने में नगर निगम इस प्रकार के कई ठेकेदारों पर कार्रवाई कर चुका है।