बुधवार की शाम भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर देवबंद की गांधी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अजय कुमार की माता की तेरहवीं में शामिल होने आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार से लौट रहे थे। उनके साथ कार में जिला पंचायत सदस्य कारी नौशाद और महक सिंह सहित कई पदाधिकारी भी बैठे थे। जब वह फ्लाईओवर के नीचे यूनियन तिराहे से कुछ आगे निकले तो कार में आए बदमाशों ने उन पर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके दाएं तरफ पेट को छू कर निकल गई।
चंद्रशेखर भाई पर हुआ हमला एक बड़ी साजिश है, इस तरह की घटना उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं । हमारे नेता के साथ पूरे देश की जनता खड़ी है हमें कमजोर समझने की गलती ना करें। -पवन गुर्जर, जिला अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी मेरठ
सूचना मिलते ही एसपी देहात सागर जैन सहित पुलिस अधिकारी आनन फानन में मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रशेखर को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस बीच चंद्रशेखर पर हमले की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने चंद्रशेखर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए शीघ्र हमलावरों की पहचान कर उनको गिरफ्तार करने की मांग की। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि वारदात की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जा रही है।
चंद्रशेखर पर हमला कायराना हरकत: टिकैत
भाकियू के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने ट्वीट कर कहा कि भीम आर्मी के प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हमला कायराना हरकत है। उत्तर प्रदेश सरकार दोषियों को चिन्हित कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का काम करे।