तीतरो। गंगोह - नानौता मार्ग पर खनन सामग्री से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एचटी लाइन को तोड़कर सड़क किनारे उतर गया। दुर्घटना में चालक चोटिल हो गया।
रविवार की सुबह ग्राम महंगी के निकट हादसा हुआ। ट्रक का चालक इमरान गति पर नियंत्रण नहीं कर पाया और ट्रक हाईटेंशन लाइन के पोल को तोड़कर सड़क किनारे उतर गया। गनीमत रही कि हाईटेंशन लाइन की सप्लाई बंद थी अन्यथा चालक की जान पर बन सकती थी। घायल चालक को ग्रामीणों ने बाहर निकाला और चिकित्सक के पास ले गए। विद्युत निगम के अवर अभियंता कृपा शंकर पटेल ने बताया लाइन क्षतिग्रस्त होने से सांगाठेडा गांव की आपूर्ति बंद पड़ी है, नया पोल लगा कर चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, थानाध्यक्ष छोटे सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने पर कार्रवाई होगी। संवाद