गंगोह। थाना क्षेत्र के जेहरा गांव में दो बीघा जमीन के लिए चाचा ने भतीजे कुलदीप 30 पुत्र कृपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है, जो सहारनपुर में रहता है।
जेहरा गांव निवासी कुलदीप फंदपुरी बिजलीघर पर संविदाकर्मी था। जिसका अपने चाचा किरणपाल के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। किरणपाल प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। जमीन और घर का बंटवारा हो चुका है। किरणपाल दो बीघा वह जमीन मांग रहा था, जिस पर लोन नहीं है। बाकी जमीन पर लोन है। इसे लेकर ही झगड़ा था। बंटवारे के बाद बुधवार को घर में नींव भी खुद गई थी। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कुलदीप अपनी ड्यूटी खत्म कर घर आया था। घर पर उसकी भांजी 15 वर्षीय प्राची मौजूद थी। घर पहुंचते ही चाचा-भतीजे के बीच फिर से दो बीघा जमीन को लेकर झगड़ा हो गया। तभी किरणपाल ने तमंचा निकालकर कुलदीप के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बड़ा भाई रहता है पानीपत
कुलदीप के पिता कृपाल की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। कुलदीप का बड़ा भाई संजय शादीशुदा है जो पानीपत के गोला गांव में रहता है। वहीं पर उसके मामा भी रहते हैं। कुलदीप अविवाहित था। वारदात के समय घर पर केवल उसकी 15 वर्षीय भांजी प्राची थी। कुलदीप की मां भी अपने मायके गई हुई थी।
गोली मारी और कहा ले ले दो बीघा जमीन
जिस समय यह वारदात हुई उस वक्त घर में केवल प्राची थी। प्राची ने बताया कि दोनों के बीच दो बीघा जमीन को लेकर कहासुनी हुई थी। तभी नाना किरणपाल ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद यह कहते हुए फरार हो गए कि ले ले दो बीघा जमीन। इस घटना के बाद प्राची दहशत में है।
चाचा के दो रूप, एक ने बचाया, दूसरे ने मारा
दो दिन में दो चाचा के अलग-अलग रूप देखने को मिले। एक तरफ जहां अंबेहटा के टिटौली में चाचा ने भतीजे को तेंदुए के जबड़े से खींच लिया और अपनी जान की परवाह न करते हुए भतीजे को बचाया था। वहीं, दूसरी तरफ जेहरा गांव में चाचा ने भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। जिसने महज दो बीघे जमीन के लिए भतीजे को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
जमीन को लेकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। जिसे पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की गई है।
- रोहित सजवाण, एसएसपी