सरसावा में खनिज से भरे डंपर के नीचे फंसी बाइक
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा(सहारनपुर)। खनिज सामग्री से लदे डंपर से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के पश्चात चालक डंपर को छोड़ कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक युवक की पत्नी की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दुर्घटना मंगलवार रात्रि एक बजे रुड़की पंचकुला नेशनल हाईवे 344 पर सरसावा में सुंआखेड़ी टोल बैरियर के पास हुई। सरसावा थाने की शाहजहांपुर पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि यमुनानगर की ओर से बाइक सवार दो युवक सहारनपुर की ओर जा रहे थे। टोल टैक्स बैरियर से पहले डिवाइडर के समीप अचानक पीछे से आ रहे खनिज सामग्री से लदे डंपर ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक डंपर के अगले हिस्से में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में तस्लीम (25) पुत्र नूरहसन गांव शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला थाना कलियर हरिद्वार तथा बाइक पर बैठे दूसरे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। डंपर को जब्त कर लिया गया है। उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवक हेलमेट लगाए हुए थे। हादसे में युवकों के मोबाइल भी टूट गए। मोबाइल एप्लीकेशन पर बाइक का नंबर डालने के पश्चात मिले पते के आधार पर संबंधित थाना क्षेत्र में पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। इसके पश्चात एक युवक तस्लीम के परिजन मौके पर पहुंचे, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक की पत्नी मुस्कान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।