सहारनपुर। तोता चौक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। क्षेत्र की कॉलोनियों में फिर से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। तीन दिन से करीब दो हजार परिवार पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। दरअसल, बीते कई दिन से भूतेश्वर मंदिर मार्ग की सड़क पर विद्युत खंभे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए मजदूर सड़कों के किनारे सड़कों को तोड़कर खंभे लगाने के लिए ड्रिल कर रहे हैं।
ड्रिल के कारण पेयजल की पाइपलाइन कई जगह से टूट चुकी है, जिसकी वजह से तोता चौक की तीन कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय लोगाें का कहना है कि वह तीन दिन से शिकायत कर रहे हैं। एक जगह पाइप ठीक किया जाता है इसके बाद दूसरी जगह से तोड़ दिया जाता है। ऐसे में लोगों का पेयजल के लिए हैंडपंपों या अन्य संसाधनों से पानी जुटाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की बात
नीलकंठ विहार निवासी रामदीप बंसल का कहना है कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति अक्सर प्रभावित रहती है। कभी रेत आने लगता है तो कभी पानी आना पूरी तरह बंद हो जाता है। तीन दिन से पानी नहीं है।
मोहित विहार निवासी नूतन गुप्ता का कहना है कि क्षेत्र में विद्युत खंभे लगाए जा रहे हैं। उनके लिए सड़कों को मशीन से ड्रिल किया जा रहा है, जिसके कारण जगह जगह से पानी की लाइन तोड़ दी गई है।
शिवपुरी निवासी रितिक सैनी का कहना है कि नगर निगम जल कर तो वसूलता है, लेकिन पानी की आपूर्ति छह महीने भी ठीक से नहीं होती है। तीन दिन से पानी की समस्या बनी हुई है।
बृज विहार निवासी डॉ. रवि शर्मा का कहना है कि पेयजल मनुष्य की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है, लेकिन नगर निगम इसी पर ध्यान नहीं दे रहा है। बीते दो साल से पानी को लेकर समस्याएं हैं।
खंभे लगाने वाली कार्यदायी संस्था ने जगह-जगह से पेयजल लाइन को तोड़ दिया है। दो जगह से ठीक कराया गया है शाम को सूचना मिली है कि एक अन्य जगह से और तोड़ दिया गया है। विभाग के पास केवल दो अवर अभियंता हैं और दोनों की ड्यूटी चुनाव में लगी है, जिसकी वजह से आपूर्ति सुचारु करने में समय लग रहा है।
- वीबी सिंह, अधिशासी अभियंता, जल कल अनुभाग, नगर निगम