बेहट। मिर्जापुर पुलिस ने 1.60 किग्रा चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच लाख रुपये है।
थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार सुबह चार बजकर 50 मिनट पर पुलिस ताहरपुर चौराहे पर चेकिंग के दौरान स्पोर्ट्स कॉलेज पर जाने वाले रास्ते से दो संदिग्ध हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से चरस बरामद हुई। उन्होंने अपने नाम नफीस पुत्र अनीस निवासी रायेपुर व अफजाल पुत्र असरा निवासी गांव महमूदपुर जाटोवाला थाना मिर्जापुर बताए। अनीस के पास से 420 ग्राम व अफजाल के पास से 640 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच लाख रुपये बताई गई है। आरोपी नफीस पहले भी अपनी पत्नी के साथ चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। नफीस बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसके खिलाफ मिर्जापुर थाने में जानलेवा हमले, नशीले पदार्थों की तस्करी व गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं।