हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव भैंसियावाला में रविवार को लगन सगाई समारोह के दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सीओ पंकज लवानिया और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव भैंसियावाला में रविवार शाम पूर्व प्रधान बाबूराम के भतीजे विवेक की सगाई थी। इसमें खतौली के पीपलहेड़ा गांव से लड़की पक्ष के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपनी जेब से अपना पिस्टल निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई। पास में खड़े दो व्यक्तियों को छूते हुए गोली जमीन में जा धंसी। गोली लगने से समाराेह में शामिल अजय पुत्र मांगेरा निवासी चांद समंद खतौली और विकास पुत्र ब्रह्मपाल निवासी पीपलीखेड़ा खतौली घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से कार्यक्रम में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर बहसूमा और हस्तिनापुर थाना पुलिस व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही फायरिंग करने वाले कुछ मेहमान वहां से चले गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत हस्तिनापुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। संवाद