सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला अमन कॉलोनी निवासी शादाब आलम (41) शनिवार की सुबह दस बजे बाइक से सरसावा की ओर जा रहा था। अंबाला हाईवे पर पूर्वी यमुना नहर के पास निकट डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, इससे शादाब आलम घायल हो गया। पुलिस ने शादाब को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। शुक्रवार की रात में कोतवाली देवबंद क्षेत्र के गांव दीवालहेड़ी निवासी सुप्रीत (29) गंगोह मार्ग स्थित अस्पताल से स्कूटर पर लौट रहा था। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया मानक मऊ के पास वाहन की चपेट में आने से सुप्रीत घायल हो गया। उसे मानक मऊ निवासी कमल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया, पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। संवाद