तीतरो (सहारनपुर)। बिजली कर्मचारी द्वारा एक महिला के एक ही घर में दो कनेक्शन दर्शा कर दो बिल बनाने पर महिलाओं ने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। शुक्रवार को गांव ठोल्ला फतेहपुर निवासी महिलाओं पवित्रा, ममता व मौसम ने विद्युत विभाग पर आरोप लगाते हुए बताया कि बिजली सविंदाकर्मी मौसम के एक ही घर पर दो कनेक्शन दर्शा कर उसे 18 हजार 157 व पांच हजार 46 के दो बिल बना कर दे गया। महिला ने आरोप लगाया कि विभाग ने उसे करीब एक साल पूर्व बीपीएल श्रेणी के तहत कनेक्शन दिया था, जिसका वह लगातार भुगतान करती आ रही है। उसके घर में ज्यादातर बिजली उपकरण भी नहीं है। ऐसे में इतने ज्यादा बिल को भेजने का कोई औचित्य नहीं है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कराकर कारवाई किये जाने की मांग की है। उधर उपखंड अधिकारी अकुंश दिनेश वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी कराकर महिला का बिल ठीक कराया जायेगा तथा दूसरे कनेक्शन का विच्छेदन कर दिया जायेगा।