गंगोह(सहारनपुर)। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने जिला अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे की हालत भी गंभीर बनी है। दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। गंगोह के गांव बहलोलपुर निवासी विनोद (26) पुत्र राजपाल अपनी पत्नी को ससुराल शामली के गांव दथेड़ा में छोड़ कर लौट रहा था। वहां से उसके साथ गांव बहलोलपुर में ब्याहा आशू पुत्र धर्मवीर निवासी दथेड़ा और गांव शकरपुर निवासी अंकित (25) पुत्र जयवीर भी बाइक पर सवार हो लिए। रास्ते में गांव दौलतपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह तीनों बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आशू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनोद ने जिला अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया। अंकित की भी हालत भी गंभीर बनी है और उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताया जाता है कि आशू की 15 दिन पहले ही शादी हुई थी। उसकी मौत से परिजनों और ससुराल में कोहराम मचा है। उसकी नवविवाहिता पत्नी का रो रो कर बुरा हाल था। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक एवं घायलों के परिजनों को सूचना भिजवा दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने पर उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।