सहारनपुर। ककराला गांव में खुद को अदालत का कर्मचारी बताकर परिवार से 35 हजार रुपये ठगने का प्रयास किया गया। मौके पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जिनसे पूछताछ में आया कि वह कर्मचारी नहीं हैं। अदालत के स्टेनो ने यह फाइल दी थी और कहा था कि जाकर इनसे रुपयों की बात कर लो, अदालत में केस खत्म करा दूंगा।
ककराला निवासी राजकुमार पुत्र सुरता के मकान पर बुधवार को दो व्यक्ति पहुंचे। जिन्होंने खुद को अदालत का कर्मचारी बताया। कहा कि आपके परिवार के खिलाफ नागल क्षेत्र के गांव बालाचोर के रहने वाले कृष्ण पुत्र रामचंद्र ने अदालत में परिवाद दायर कर रखा है। इसमें सभी जेल जा सकते हैं। इस मामले में दोनों ने परिवार से 35 हजार रुपये मांगे और कहा कि मामला रफा-दफा हो जाएगा। शक होने के बाद दोनों को पकड़ लिया लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना सदर बाजार क्षेत्र में हसनपुर निवासी उमंग कुमार पुत्र कुंवरपाल सिंह और उसका साथी गागलहेड़ी के भारापुर निवासी रजत पुत्र नरमा के रूप में हुई। दोनों को थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बोले, स्टेनो ने कहा था अदालत में करा दूंगा केस खत्म
आरोपियों के पास से महिलाओं के अपराध से संबंधित फाइलें मिलीं। सख्ती से पूछने पर बताया कि यह फाइल उन्हें अदालत के स्टेनो सोनित निवासी सीतलाखेड़ा थाना नागल ने फोटोकॉपी कराकर दी थी। जिसने कहा था कि इस परिवाद में जाकर रुपयों की बात कर लो, इनका केस अदालत में खत्म करा दूंगा। स्टेनो के कहने पर ही वह यहां पर रुपयों की बातचीत करने के लिए आए थे।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्टेनो सोनित का नाम लिया है। स्टेनो को जांच में शामिल किया जाएगा। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो गिरफ्तारी होगी।
- रविकांत, सीओ