बड़गांव। महीना गुजरने के बाद भी विभाग की लापरवाही के कारण गांव झबीरन के आधे हिस्से में अंधेरा छाया हुआ है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत कर गांव में बिजली ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग की है।
गांव झबीरन निवासी प्रमोद मौर्य, विकास, मदन, रकम सिंह, साधुराम, बृजपाल, इंदर सिंह, सुधीर, ऋषि पाल आदि ग्रामीणों ने बताया कि एक माह पूर्व गांव के बाहरी छोर पर रखे 100 केवीए के बिजली ट्रांसफार्मर से चोर तेल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इसकी शिकायत स्थानीय थाने व विभाग से की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण एक महीना बीत जाने के बाद भी गांव में अभी तक बिजली का ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया जिसके कारण आधे गांव में अंधेरा छाया है।
गांव में विद्युत सप्लाई न होने से जहां परीक्षार्थियों को दिक्कत हो रही है तो वहीं ग्रामीणों को अनेक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। विभाग की उक्त कार्य प्रणाली को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। उधर, इस मामले में विभागीय के जेई मुकेश कुमार का कहना है कि स्टीमेट बनाकर भेजा गया है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया जाएगा।