सहारनपुर। ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ट्रेनों को कवच प्रणाली से लैस करेगा। आने वाले समय में सहारनपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनें भी कवच प्रणाली से लैस हो जाएगी। इससे ट्रेनों के टकराने का खतरा खत्म हो जाएगा। रेलवे के कवच प्रणाली की सुप्रीम कोर्ट ने सराहना की है।
अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) ने कवच प्रणाली को 2022 में विकसित किया था। पिछले साल जून में ओडिशा के बालासोर में बहनागा के पास रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद रेलवे ने सभी ट्रेनों को कवच प्रणाली से लैस करने का निर्णय लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी एक जनहित याचिका पर सुनवाई के तहत ट्रेनों को कवच प्रणाली से लैस करने के लिए रेलवे के प्रयासों की सराहना की। यह याचिका ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों को लेकर दाखिल की गई थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कवच का उद्देश्य ट्रेनों की टक्कर को रोकना है। यदि ट्रेन की गति निर्धारित सीमा से अधिक हो जाती है और लोको पायलट हस्तक्षेप करने में विफल रहता है तो यह प्रणाली स्वचालित रूप से ट्रेन के ब्रेकिंग तंत्र को सक्रिय कर देती है। कवच प्रणाली परिचालन सुरक्षा सुविधा से लैस दो ट्रेनों के बीच टकराव को प्रभावी ढंग से रोकता है।