- कोई परिवार के साथ था, कोई अकेला, नौकरीपेशा भी हुए लेट
- मालगाड़ी के दो इंजन बेपटरी होने से प्रभावित रहा रेल यातायात
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। यमुनानगर में मालगाड़ी के दो इंजन बेपटरी होने के बाद रेल यातायात पूरी तरह से ठप रहा। ट्रेनें निरस्त होने की वजह से तमाम लोगों को बगैर यात्रा किए वापस लौटना पड़ा। जबकि ट्रेनों के लेट होने से कई लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में खासी परेशानी उठानी पड़ी। इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है।
शुक्रवार की रात यमुनानगर के पास मालगाड़ी के दो इंजनों के पहिए एक-एक कर अचानक पटरी से उतर गए। इसके आठ घंटे बाद आवागमन बहाल हो पाया। इस दरम्यान रेल प्रशासन को अचानक चार ट्रेनें निरस्त करनी पड़ गई, जबकि यात्री ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा। ट्रेनें निरस्त होने की वजह से लोग खासे परेशान रहे। किसी को शादी में जाना था, तो कोई इलाज के लिए जा रहा था। कोई अकेला था तो कोई परिवार के साथ। काफी लोग ऐसे भी थे, जो सुबह के समय सहारनपुर से काम पर अंबाला, यमुनानगर, मुजफ्फरनगर और मेरठ जाते हैं।
इस दौरान रेलवे स्टेशन पर गहमागहमी की स्थिति बनी रही। रेल कर्मचारियों व वेंडरों से लोग ट्रेनों की जानकारी लेते रहे। स्टेशन पर यात्रियों की सुबह से ही खासी भीड़ रही। गाजीपुर-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस शुक्रवार की रात 2:05 बजे पहुंचने का समय है, लेकिन यह ट्रेन शनिवार सुबह आठ बजे आई। धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस रात 2:45 बजे की जगह सुबह 7:08 बजे आई। भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस सुबह 4:15 की जगह सुबह 8:50 बजे आई।
काम पर जाने में हो गए लेट
नवीन नगर निवासी अरविंद मुजफ्फरनगर की सदर तहसील में काम करते हैं। वह शनिवार सुबह स्टेशन पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि यमुनानगर में हादसा होने से ट्रेनें आ रही है। उसके बाद वह बेचैन हो गए। ट्रेन का इंतजार किया। जिससे वह काम जाने के लिए लेट हो गए। वह रोजाना शालीमार एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर जाते हैं।
अंबाला रोड निवासी साजिद मलिक को दिल्ली जाना था, लेकिन ट्रेनें देरी से आने के कारण वह परेशान रहे। वह अकेले थे। अपने तय समय से लेट आई शालीमार एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए गए। भगत सिंह कालोनी निवासी निमिष भटनागर रोजाना मेरठ जाते हैं। शनिवार को भी शालीमार एक्सप्रेस के समय पर स्टेशन पहुंचे। लेकिन जब उन्हें मालूम पड़ा कि शालीमार लेट आ रही है तो वह परेशान हो गए।
चार ट्रेनें रही रद्द, तीन को सहारनपुर में रोका, नौ ट्रेनें देरी से पहुंची
मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरने के कारण ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। सहारनपुर-ऊना हिमाचल नंगलडैम मेमू एक्सप्रेस, सहारनपुर-अंबाला एक्सप्रेस अप-डाउन में निरस्त रही। गाजीपुर-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस एक घंटे, धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे सहारनपुर स्टेशन पर खड़ी रही। भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस को एक घंटे सहारनपुर आउटर पर रोका गया। पांच मालगाड़ियों को सहारनपुर, सरसावा और पिलखनी में ही खड़े किए रखा। चंडीगढ़-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे, अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे, अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी 45 मिनट, जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जम्मूतवी-जैसलमेर शालीमार एक घंटे, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा, सियालदाह-जम्मूतवी, हावड़ा-अमृतसर एक से डेढ़ घंटे लेट हुई।
पटरी से उतरे इंजन मामले में जांच टीम गठित
अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच बैठा दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात 10:40 बजे यमुनानगर रेलवे स्टेशन के समीप दो इंजन के पहिए पटरी से उतर गए थे। इस मामले में मैकेनिकल, सिग्नल, सेफ्टी और इंजीनियरिंग के अधिकारियों की एक जांच टीम गठित की है। टीम को 10 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी है। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।