ढमोला नदी में लापता ग्रामीणों की तलाश में लगी एनडीआरएफ की टीम
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में बागड़ जाने से पूर्व रिश्तेदारों के यहां जा रहे श्रद्धालु की ट्रैक्टर-ट्राॅली ढमोला नदी के रपटे में पानी आने से पलट गई। हादसे में पोती और दादी सहित सहित चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं छह श्रद्धालु लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जनपद के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बालावाली उर्फ बालेली गांव से बागड़ जाने से पूर्व ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राॅली से रिश्तेदारी में गांव रंडौल जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक वह जब देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव बोंदकी के पास पहुंचे तो बरसात की वजह से ढमोला नदी के रपटे के ऊपर से पानी का तेज बहाव था, जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राॅली रपटे पर पहुंची तो वह अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राॅली में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। इनकी चीख सुनकर राहगीर भी रुक गए। पुलिस को सूचना देने के साथ राहगीर ट्रैक्टर-ट्राॅली में दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।
सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस के अलावा जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र, एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाया। हादसे में बालावाली निवासी मंगलेश (55), पाेती आदिति (3), टीना (13), सुलोचना (58) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सेठपाल और मांगेराम सहित 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से छह लोग लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम के साथ पुलिस जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि अभी चार लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। कुछ श्रद्धालु लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।