देवबंद में वक्फ दारुल उलूम रोड पर मूसलाधार बारिश से सड़क पर हुए जलभराव के बीच से होकर जाते लोग।
देवबंद/तल्हेड़ी बुजुर्ग। क्षेत्र में रविवार रात से सोमवार सुबह 11 बजे तक मूसलाधार बारिश से सड़कों पर भारी जलभराव हो गया। घरों और दुकानों के अंदर पानी घुस गया, क्योंकि नाले नालियां ओवरफ्लो हो गए। ईदगाह रोड, दारुल उलूम रोड, भायला रोड, नेचलगढ़, सरकारी अस्पताल, रेलवे रोड बिजलीघर आदि में भारी जलभराव होने से लोग दोपहर बाद तक परेशान रहे। इनके अलावा शिक्षक कॉलोनी, आबकारी रोड, मोहल्ला बडजियाउलहक आदि भी यही स्थिति देखने को मिली। खटौली के किसान आदेश त्यागी, मास्टर ललित, संजय, विजेंद्र आदि ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से फसलें गिरने से भारी नुकसान हुआ है। लौकी, कद्दू, तुरई, बैंगन आदि फसलें तो बर्बाद हो गई। वहीं, त्रिवेणी चीनी मिल की मौसम वेधशाला के प्रभारी सुभाष वर्मा ने बताया कि पिछले पांच दिनों के अंदर 418 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। बेहट के एसडीएम युवराज सिंह ने बताया कि भारी बारिश में कुछ कच्चे मकान गिरने की सूचना मिली है। राजस्व विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।