फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur: मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से जलभराव और फसलों को नुकसान

Sun, 03 Mar 2024 06:15 PM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
तेज हवा के साथ हुई बारिश, खेतों में बिछ गई गेहूं की फसल... - फोटो : संवाद
विज्ञापन

सहारनपुर में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि लोगों के लिए आफत बनकर आई। एक ओर जहां महानगर में भारी जलभराव के बीच लोगों को निकलने में परेशानी हुई वहीं बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों खासकर देहात में बिजली नहीं आई।

विज्ञापन


उधर, बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। एक ओर जहां गेहूं और सरसों की फसल गिर गई, वहीं सब्जी और अन्य फसलों को भी नुकसान हुआ है। जिसे लेकर किसान चिंतित हैं।

मौसम विभाग ने जनपद में रविवार और सोमवार को बारिश होने का अनुमान जताया हुआ था, लेकिन जनपद में शुक्रवार दिन भर बादल छाए रहने के बाद रात 11 बजे तेज गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई थी। शनिवार की सुबह आसमान बादलों से घिरा रहा, लेकिन पूर्वाह्न 11:30 बजे धूप निकल आई। दोपहर दो बजे फिर से काली घटाएं छा गईं और शाम चार बजे करीब 20 मिनट की बारिश हुई।

विज्ञापन

बारिश रुकने के बाद बादल छाए रहे और इसके बाद 7:30 बजे महानगर के साथ ही जनपद के अन्य देहात क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और कई जगह ओलावृष्टि हुई। करीब 30 मिनट की तेज बारिश से महानगर की सड़कें और कॉलोनियां जलमग्न हो गईं, जिनके बीच से निकलना लोगों के लिए मुश्किल भरा रहा। महानगर के निचले क्षेत्र जैसे रामविहार कॉलोनी, नंदविहार कॉलोनी, विल्सन का बाग आदि में घरों में पानी भर गया। नुकड़, गागलहेड़ी, सरसावा, रामपुर मनिहारान, चिलकाना और तीतरों में बारिश ने नुकसान पहुंचाया।

गंगोह में करीब 15 मिनट तक ओले पड़े। अंबेहटा क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई। आलू, गेहूं, सरसों, सब्जी आदि की फसलों को नुकसान हुआ है। रात 8:15 बजे छुटमलपुर क्षेत्र में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई।
विज्ञापन

गंगोह क्षेत्र के गांव खैरसाल निवासी अंबरीश और आशीष, गांव मुबारिकपुर निवासी किसान विजयपाल ने बताया कि ओलावृष्टि और बारिश से आलू की फसल को नुकसान पहुंचा है। देवबंद में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। त्रिवेणी शुगर मिल की मौसम वेधशाला के प्रभारी सुभाष वर्मा ने गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान होने की बात कही है।

छज्जे पर गिरी बिजली, दहशत में आए लोग
बेहट के गांव अबाबाकरपुर में बिजली गिरने से एक मकान का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, गंगोह में भी बिजली गिरने से एक मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। यहां सादिक नाम के युवक के घायल होने की भी सूचना है, जिसे चिकित्सक के पास ले जाया गया। बिजली गिरने की घटनाओं के बाद दोनों जगहों के लोग दहशत में आ गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें