सहारनपुर। मिलावटी मिठाई की शिकायत पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर से लेकर देहात में कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने रसगुल्ला, पनीर, दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। अब इनकी रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य (ग्रेड-2) पवन कुमार व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर में मंडी समिति रोड पर कई डेयरियों पर छापा मारा। यहां से दो दूध व दो पनीर के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम कैलाशपुर पहुंची। यहां मिठाई दुकान पर छेना रसगुल्ला का सैंपल लिया। 10 किलो रसगुल्ले को नष्ट कराया। खास बात यह है कि सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट आने में लगभग एक से डेढ़ महीने लगता है, जब तक रिपोर्ट आएगी तब तक रसगुल्ला, पनीर हजम हो चुके होंगे। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल शुक्ला, रणधीर सिंह यादव, संजीत, संदीप, महेंद्र नाथ यादव, महावीर प्रेमी, कुलदीप आदि रहे।