- छह दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज की ओर से आयोजित कार्यशाला में उद्यमियों को सफल उद्यमी बनने के टिप्स दिए गए। इसमें उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
सोमवार को दिल्ली रोड स्थित वुडक्राफ्ट डिजाइन सेंटर पर पहले दिन जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद, संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, उपायुक्त उद्योग वीके कौशल और संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जानी अति आवश्यक है। मंडलीय एवं जिला उद्योग बंधु की बैठकों में शिकायतों का तो निस्तारण हो जाता है, लेकिन केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी जनमानस को नहीं मिल पाती है। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज का यह कदम बहुत सराहनीय है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, एवं उपायुक्त उद्योग वीके कौशल ने उद्यमियों को एमएसएमई की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने उद्यम पंजीकरण, एक जनपद-एक उत्पाद, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, सीजीटीएसएमई एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे इन योजनाओं का लाभ उठाकर सफल उद्यमी बना जा सकता है। उन्होंने फैसिलिटेशन काउंसिल के तहत डिलेड पेमेंट रिकवरी और औद्योगिक नीति-2022 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने उद्यमियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी जवाब दिया।
संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों के साथ कार्यशाला कराने का उद्देश्य उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण कराना है। उन्होंने औद्योगिक कार्यशाला सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की कार्यशाला होगी।
कार्यशाला के अध्यक्ष एचएस चड्ढा, महासचिव अमित चौधरी एवं अपर महासचिव घनश्याम माहेश्वरी आदि ने भी विचार रखे। कार्यशाला के संयोजक विजय वशिष्ठ, मनोज जैन और आशीष जैन रहे। इस दौरान रवि टंडन, गौरव जैन, संजय गुप्ता, नीरज माहेश्वरी, मनोज जैन, रविंद्र कालड़ा, दर्शन कुमार गुप्ता, आशीष मिगलानी, पीयूष गर्ग आदि मौजूद रहे।