- एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी, तीन अन्य लोग हुए घायल
- नागल क्षेत्र में गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर हुआ हादसा
- ओवरब्रिज की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दिया धरना, जाम भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नागल (सहारनपुर) गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर नागल बस स्टैंड के पास बाइक सवार तीन छात्रों को बचाने के प्रयास में खनन से भरा डंपर अनियंत्रित हो गया। हादसे में दो छात्राें सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने डंपर चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों को अस्पताल में उपचार दिलाया गया। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने धरना देकर जाम लगाया। ग्रामीणों ने ओवरब्रिज बनाने और मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग की। एसडीएम और एसपी देहात के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
घटना नागल में बस स्टैंड के नजदीक सुबह नौ बजे हुई। गागलहेड़ी की तरफ से तेज रफ्तार आए डंपर ने थाना क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी इंटर के छात्र लक्की (17) पुत्र जितेंद्र, पांडली रोड निवासी नोमान (19) पुत्र नौशाद और जैनपुर निवासी मोंटी (17) पुत्र विनोद को चपेट में लेते हुए सर्विस रोड पर खड़े टेंपों में टक्कर मार दी। हादसे में लक्की, नोमान और एक अज्ञात व्यक्ति की डंपर से कुचले जाने पर मौत हो गई, जबकि मोंटी, गुलबहार पुत्र गय्यूर निवासी सलेमपुर, सुमित पुत्र ऋषिपाल गांव मनोहपुर थाना देवबंद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौक पर एकत्र हुए लोगों ने डंपर व चालक एवं परिचालक को पकड़ लिया। आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया।
ग्रामीणों ने धरना देकर ओवरब्रिज बनाए जाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम देवबंद अंकुर वर्मा, सीओ अशोक सिसौदिया ने एक माह के अंदर ओवरब्रिज का प्रस्ताव पास कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि बाइक सवार छात्रों को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित हुआ है। हादसे में छात्रों सहित तीन लोगों की मौत हुई। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। चालक व परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।