सहारनपुर, देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा निवासी मो. महताब ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपियों पर लात, घूंसों से मारपीट और रंगदारी न देने पर बच्चे का अपहरण करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
महताब ने बताया कि आरोपी और उसका भाई कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर है। उन पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसकी सूचना उसने कोतवाली में दी तो वह आग बबूला हो गए। आरोप है कि पिछले दिनों आरोपी हथियारों के लैस होकर उसके घर में घुस गए और मारपीट करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
चेतावनी दी कि यदि जल्द पांच लाख रुपये का इंतजाम नहीं किया तो उसके बच्चे का अपहरण कर लेंगे। पीड़ित महताब से पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उधर, कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।