वन्य जीव जंतुओं की तस्करी के आरोपियों की जानकारी देते एसपी देहात सागर जैन
सरसावा। पुलिस ने दो मुंहा सांप बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक दो मुंहा सांप तथा लग्जरी कार भी बरामद हुई है।
एसपी देहात सागर जैन ने पत्रकारों को बताया कि तीन व्यक्ति दो मुंहा सांप बेचने के नाम पर किसी से ठगी करने के प्रयास में हैं। इसकी सूचना मिलने पर सरसावा पुलिस ने उन्हें ग्राम समसपुर नवादा के समीप से पकड़ लिया। तीनों एक लग्जरी कार में सवार थे। कार की डिक्की में रखे मिट्टी से भरे एक लकड़ी के बॉक्स में सांप को रखा गया था। कार से चिकित्सक के प्रयोग में लाए जाने वाले स्टेथेस्कोप इंजेक्शन तथा दवाई भी बरामद हुई। सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह तीनों को पकड़ कर थाने ले आए। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम जरनैल सिंह निवासी फाजिलपुर जिला यमुनानगर, साबिर निवासी ग्राम छाबड़ी तथा मोबीन निवासी ग्राम समसपुर थाना सरसावा बताए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया की वे जंगल से दो मुंहा सांप पकड़ कर लोगों को ऊंचे दामों पर ये कहकर बेचते हैं कि इस सांप का प्रयोग कैंसर की दवा बनाने में किया जाता है, साथ ही जिसके पास ये सांप होता है उसकी तकदीर चमक उठती है। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए आराेपियों को न्यायालय में पेश कर किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।