अंबेहटा। दो दिन पहले घर से जन्मदिन पार्टी में जाने के लिए निकले तीन दोस्तों में से एक ने अपने भाई को आईएम सॉरी का मेसेज भेजा है। हालांकि उसके बाद मोबाइल स्विच आफ आ रहा है। पुलिस को किशोरों की लोकेशन हरियाणा की मिली है। पुलिस उनकी तलाश में परिजनों को लेकर हरियाणा के लिए रवाना हो गई है।
बता दें, कि मंगलवार शाम को घर से निकले खेड़ा अफगान गांव निवासी हार्दिक पुत्र दिनेश, वंश पुत्र अरविंद व फूल गढ़ गांव निवासी कन्हैया पुत्र रामरतन अभी तक वापस नहीं आए हैं। तीनों कस्बे के एक स्कूल में कक्षा सात के छात्र हैं। घर से किसी दोस्त के जन्मदिन में जाने की बात कहकर वे निकले थे। इसके बाद वह नहीं लौटे। बुधवार रात को हार्दिक ने अपने भाई वरुण को आईएम सॉरी का मेसेज लिखकर उसके मोबाइल पर भेजा था।
उसके बाद उसने वाइस मेसेज भेजकर बताया था कि वह लोग सहारनपुर मेला देखने आए थे इसके बाद कहां पहुंच गए उन्हें पता नहीं चल रहा। परिजनों द्वारा फोन मिलाने पर उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। इसके चलते परिजनों को अनिष्ट की आशंका सताने लगी है। उधर, पुलिस का कहना है कि मोबाइल की लोकेशन हरियाणा में मिली है। तीनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।