कोतवाली मिर्जापुर में बाइक सहित पकड़े गए चोर। श्रोत पुलिस
मिर्जापुर(सहारनपुर)। थाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की तीन बाइक भी बरामद की गई हैं। आरोपी हिमाचल प्रदेश के पावटा साहिब से चोरी की बाइक लेकर आते थे, जिसके बाद पश्चिम यूपी के अलग-अलग जिलों में लाकर बेच देते थे।
हथनीकुंड चौकी इंचार्ज नवीन सैनी बादशाही बाग चौकी पर बृहस्पतिवार सुबह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोगों को रोकने के लिए इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, जिस पर पीछा कर पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसीम पुत्र इसरार, समरेज पुत्र मुस्तकीम, मोनू कश्यप पुत्र कुसुमपाल, शाहरुख पुत्र जाकिर निवासी गांव फैजाबाद थाना मिर्जापुर के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। आरोपी शाहरुख का मौसेरा भाई हिमाचल प्रदेश के पावटा साहिब के किरतपुर में बाइक चोरी करता है। चारों आरोपी वहां से बाइक लेकर आते हैं, जिसके बाद उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते हैं। फर्जी नंबर प्लेट लगाने के बाद आरोपी उन बाइकों को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों में जाकर बेच देते हैं। पुलिस ने दो बाइक आरोपियों के पास से जब्त की, जबकि एक बाइक उनकी निशानदेही पर बरामद की गई। जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।