सहारनपुर। कुछ एंटीबायोटिक, सर्दी-जुकाम, बुखार और दर्द निवारक की दवाइयों में मरीजों के साथ धोखा किया जा रहा है। गोरखपुर प्रयोगशाला से आई रिपोर्ह में पांच दवाइयां मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं। सभी अधोमानक निकलीं। जिन मेडिकल स्टोर या एजेंसी से लिए गए नमूने अधोमानक मिले हैं, उनको औषधि प्रशासन विभाग ने नोटिस जारी कर दिए।
जनपद में नकली दवाओं की बिक्री हो रही है। एंटीबायोटिक दवाएं मरीज का मर्ज कम करने के बजाय उसे बढ़ा रही हैं। दवा खाने के बाद भी मरीज को आराम नहीं मिल रहा है। इसका मुख्य कारण एंटीबायोटिक दवा का बेअसर होना है।
जनपद में औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सात सितंबर, 15 सितंबर, 21 अक्तूबर 2022, चार जनवरी और 21 जनवरी 2023 को निरीक्षण के दौरान दवाओं के नमूने लिए थे, जिन्हें जांच के लिए गोरखपुर प्रयोगशाला भेजा था। उनकी रिपोर्ट आ गई है। उनमें से पांच दवा अधोमानक निकलीं। जिनमें एंटीबायोटिक, बुखार, सर्दी-जुकाम, दर्द निवारक की दवा शामिल है। फिजिशियन डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि अगर एंटीबायोटिक मानकों पर खरी नहीं उतरती है तो इससे मरीज को नुकसान होगा। दवा से मरीज की तबीयत बिगड़ सकती है। चिकित्सक देखकर ही मरीजों को दवा देते हैं।
-यहां से लिए गए थे दवाओं के नमूने
-प्रियांशी मेडिकल स्टोर गंगोह -लक्ष्मी मेडिकल एजेंसी किशनपुरा
-बलजीत मेडिकोज भरत विहार कालोनी मल्हीपुर रोड
-श्री सिद्घि विनायक मेडिसिन डिस्ट्रीब्यूटर बेहट रोड
-गीता इंटरप्राइजेस किशनपुरा बाजार
-इन दवाओं के नमूने मिले अधोमानक
विस्कोलेट, कारपोक्स, पेन प्लस, पावर मेक्टिन 625 एमजी, आईबु जेसिक प्लस
औषधि प्रशासन विभाग शिकायत मिलने पर और वैसे भी समय समय पर कार्रवाई करता रहता है। गोरखपुर प्रयोगशाला से रिपोर्ट आई है, उनमें पांच दवाइयां अधोमानक मिली हैं। मेडिकल स्टोर और एजेंसियों पर किस कंपनी ने दवा की सप्लाई की है, उसको पत्र लिखेंगे। फिलहाल नोटिस जारी किए गए हैं।
लवकुश प्रसाद, औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग