आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए जाम लगाया
रविवार सुबह गांव पिंजौरा में हुई वारदात, घर के नजदीक ही मारी दो गोली
वारदात के खुलासे को चार टीमों को लगाया, पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। शहर से सटे गांव पिंजौरा में काम पर जाने के लिए निकले युवक की दो गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के नजदीक ही युवक का शव पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने मल्हीपुर रोड पर हंगामा करते हुए जाम लगाया। एसपी सिटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। एसपी सिटी ने खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों को लगाया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव पिंजौरा निवासी किशन सैनी (24) पुत्र ओम प्रकाश दिल्ली रोड स्थित एक डेयरी पर काम करता था। परिजनों के मुताबिक किशन रविवार की सुबह करीब पौने आठ बजे काम पर जाने के लिए घर घर से निकला। इसके कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो किशन का शव घर से 200 मीटर की दूरी पर सड़क पर पड़ा था और उसके सिर और सीने में गोली लगी थी। पता लगते ही परिजनों कोहराम मच गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों को पकड़ने की मांग करतेे हुए मल्हीपुर रोड पर जाम लगा दिया।
पता लगते ही एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, सीओ प्रथम अजेंद्र यादव, कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर आरसी शर्मा, देहात कोतवाली इंस्पेक्टर मनोज चाहल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। एसपी सिटी का कहना है कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए सर्विलांस व स्वॉट सहित चार पुलिस की टीमों को लगाया गया है।
सहारनपुर के मल्हीपुर रोड पर युवक की हत्या के बाद जाम लगाते परिजनो व क्षेत्रवासी
सहारनपुर के मल्हीपुर रोड पर युवक की हत्या के बाद जाम लगाते परिजनो व क्षेत्रवासी