तीतरों (सहारनपुर)। उधार के रुपये मांगने पर युवक को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने मामले को लूट का मामला दर्शाने का प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
तीतरों के मोहल्ला अफगानान कला निवासी सतबीर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके पुत्र नितिन व शुभम उर्फ सूरज पुत्र सतीश के बीच लेनदेन का मामला था। नितिन ने शुभम पर बकाया रकम लौटाने का दबाव बना रखा था। आरोप है कि उससे छुटकारा पाने के लिए षड्यंत्र रचते हुए शुभम ने नितिन को को पिज्जा खिलाने के बहाने तीतरों के पास दूसरे जनपद की सीमा से सटे गांव गढ़ी अब्दुल्ला खानपुर में बुलाया। जहां पर दोनों ने पिज्जा खाया और लौटते समय शुभम ने बीच रास्ते में बाइक को नीचे गिरा कर नितिन के ऊपर ईट से ताबड़तोड़ हमले कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे मरणासन्न हालत में छोड़ कर उसके परिजनों को जानकारी दी कि बदमाशों ने लूट के दौरान हमला कर नितिन को मौत के घाट उतार दिया और उसे भी चोटें आई है।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल नितिन को चिकित्सक को दिखाया। जहां होश में आने के बाद नितिन ने पुलिस को दिए बयानों में शुभम पर ही हमला करने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुभम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। संवाद