गंगोह में बाइक प्रकरण को लेकर पुलिस से उलझते नागरिक
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। गत दिवस चोरी हुई बाइक पीड़ित को कोतवाली में खड़ी मिली। पुलिस के कहने पर जब वह अपने घर बाइक के कागज लेने गया तो बाइक कोतवाली से भी गायब हो गई। इसी दौरान सोमवार की शाम पीड़ित ने अपनी बाइक मुहल्ला गुलाम औलिया में एक युवक चलाते देखा। बाइक मालिक ने उसके पकड़ते हुए पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ लोगों की खासी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस युवक और बाइक को लेकर कोतवाली लौट गई। इस पूरे प्रकरण पर कोतवाल से लेकर सीओ तक कुछ भी कहने से बचते रहे।
रविवार की शाम को नगरपालिका कार्यालय के समीप स्थित घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। बाइक स्वामी अमरनाथ जब चोरी की तहरीर देने कोतवाली पहुंचा तो वहां बाइक खड़ी मिली। सोमवार की सुबह पुलिस ने तहरीर लेने से मना करते हुए कहा कि बाइक के कागजात ले आना और अपनी बाइक ले जाना। मालिक कागज लेने चला गया। लौटा तो कोतवाली में बाइक नहीं थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे टरकाते रहे। शाम के वक्त अमरनाथ को अपनी बाइक मुहल्ला गुलाम औलिया में दिखाई दी जहां उसे एक युवक बेचने की फिराक में था। उसने तत्काल 112 नंबर पर काल करके पुलिस को बुलाते हुए युवक को धर दबोचा।
मौके पर गाड़ी स्वामी व चोर को देखकर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामला जान लोगों ने पुलिस के प्रति गुस्सा जताते हुए कहा कि जब गाड़ी थाने में खड़ी थी तो वहां से कैसे चोरी हो गई। आरोपी से पूछने पर उसने बाइक एक सिपाही द्वारा देने की बात कही। पुलिस ने युवक को गाड़ी में बैठना चाहा तो भीड़ नाराज हो गई। इसके बाद थाने से आये एसआई से भी भीड़ की कहासुनी हुई, मगर वह समझा बुझाकर आरोपी व बाइक को थाने ले गया। कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह से लेकर सीओ चंद्रपाल शर्मा तक अनभिज्ञता जताते नजर आए। हालांकि एसआई सुबोध कुमार ने बताया कि बाइक को आरोपी सहित पुलिस थाने ले आई है। मामले की जांच की जा रही है।