संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर में साफ-सफाई कराने और प्रकाश की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जैन बाग से चिलकाना बस स्टैंड तक सड़क पर गड्ढों को तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने अंसारी रोड पर सड़क के दोनों किनारों पर टाइल्स लगाने, अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा करने और सिविल हॉस्पिटल के पीछे से जिलाधिकारी आवास की तरफ लगी स्ट्रीट लाइटों को सही कराने आदि के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गंगोह मेन बाजार शिव चौक से नानौता रोड चौक तक बिजली के खंभों पर एल्यूमीनियम के स्थान पर इन्सुलेटेड तार लगवाने की मांग पर विद्युत निगम के अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल खुमरान पर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त एसके तिवारी, शीतल टंडन, दिनेश सेठी, आलोक अग्रवाल, विमल विरमानी आदि मौजूद रहे।