संवाद न्यूज एजेंसी
बड़गांव। हरिद्वार से करनाल जा रहे डाक कांवड़ियों के जत्थे में शामिल शिव भक्त का बारिश में सड़क पर हुई फिसलन में पैर फिसलने से जल सड़क पर गिर कर खंडित हो गया। कांवड़ खंडित होने से आहत शिव भक्त सड़क पर बैठ कर फूट फूट कर रोने लगा। पुलिस ने उसे किसी तरह समझा बुझा कर शांत किया। इसके बाद कांवड़ियों का जत्था फिर से जल लाने के लिए हरिद्वार रवाना हो गया। देवबंद-नानौता मार्ग पर बड़गांव के समीप डाक कांवड़ियों का जल खंडित हुआ। इस घटना से कस्बे के महाराणा प्रताप चौक पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी सी मच गई। शिवभक्त को इस तरह रोता देख दूसरे कांवड़ियें भी विचलित हो गए। पुलिस ने बताया कि डाक कांवड़ियों को समझा बुझा कर हरिद्वार रवाना कर दिया गया है।