सहारनपुर। महानगर में उपभोक्ताओं के यहां लगे स्मार्ट मीटर जेब काट रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि ये पुराने मीटर से अधिक रफ्तार से चल रहे हैं, जिससे बिजली का बिल दोगुना ज्यादा आ रहा है। अब लोग बढ़े हुए बिल को कम कराने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
महानगर में पिछले काफी दिनों से स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है। पहले चरण में एक हजार स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य विभाग को मिला था, लेकिन, ये मीटर तेज चल रहे हैं, यह हम नहीं बल्कि उपभोक्ता कह रहे हैं। उनका कहना है कि जो बिल सामान्य मीटर होने पर 1200 से 1500 के बीच आता था, वह स्मार्ट मीटर लगने के बाद दो से ढाई हजार के बीच आ रहा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक आइटम घर में नहीं बढ़े हैं। विद्युत निगम बिलों को ठीक भी कर रहा है, लेकिन चिंता की बात यह है कि वे स्मार्ट मीटर अभी पूरे शहर में लगने हें। इससे उपभोक्ताओं की टेंशन बढ़ रही है।
-------
केस नंबर-01
पंजाबी बाग निवासी अरविंद मलिक का कहना है कि जब से स्मार्ट मीटर लगा है तब से बिजली का बिल अधिक आ रहा। कई बार तो उनकी विद्युत आपूर्ति काट दी गई, जबकि आपूर्ति बंद करने से पहले कोई मेसेज भी नहीं आया। सामान्य मीटर पर उनका बिल 1200 से 1500 तक आता था, लेकिन अब ढाई हजार तक पहुंच गया है।
-------
केस नंबर-02
पंजाबी बाग के ही राजकुमार बताते हैं कि उनके यहां भी स्मार्ट मीटर लगा हुआ है। सर्दी में उनका बिल ढाई हजार और गर्मी में साढ़े चार हजार रुपये तक आता है, लेकिन जब उनके यहां सामान्य मीटर लगा था, तब गर्मी में तीन हजार और सर्दी में 1600 रुपये तक का बिल आता था।
-----------
--वर्जन
-महानगर की कुछ कॉलोनी में अभी स्मार्ट मीटर लगे हैं। जो उपभोक्ता यह कह रहे कि स्मार्ट मीटर तेज चल रहे है वह गलत है। उपभोक्ता जितनी बिजली जला रहे हैं, बिल भी उसी हिसाब से आ रहा है। फिर भी यदि कोई इसकी शिकायत करता है तो मीटर की जांच कराई जाएगी।
- संजीव कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम