थाना रामपुर पुलिस को घटना की जानकारी देता पीड़ित
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर, रामपुर मनिहारान। थाना रामपुर मनिहारान के अंतर्गत गांव चकवाली अलाउदीनपुर के पास दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 62 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल, टैबलेट, बाइक लूट ली और फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कुछ भी पता न चल सका। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
बंधन बैंक कर्मचारी गौरव कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार की दोपहर 12 बजे वह गांव चकवाली के पास आमवाला से पैसे एकत्र कर रामपुर मनिहारान लौट रहा था, जैसे ही वह गांव चकवाली अलाउदीनपुर के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। बदमाशों ने उसे आतंकित करते हुए 62 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल, टैबलेट, बैग व बाइक लूट ली और फरार हो गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कुछ भी पता न चल सका। घटना के बाद पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों के साथ थाने पहुंच घटना की तहरीर थाना रामपुर पुलिस को दी। थाना प्रभारी विशाल श्रीवास्तव का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।