नगर निगम द्वारा आयोजित साइकिल रैली में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम की ओर से रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग किया। रैली स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित की गई। इसका मकसद नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। रैली में शामिल कर्मचारी और लोग नारे लगाते हुए लोगों से स्वच्छता की अपील करते हुए निकले।
नगर निगम द्वारा साइकिल मोटिवेशन क्लब के सहयोग से निकाली गई साइकिल रैली का शुभारंभ अपर नगर आयुक्त राजेश यादव और अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट बाबूराम सैनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली हसनपुर चौक से शुरू होकर दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, जीपीओ रोड व अग्रसेन चौक से होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।
अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कहा कि स्वच्छता कोई कार्य नहीं है बल्कि व्यक्ति का संस्कार और समाज व राष्ट्र की आवश्यकता है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में सहारनपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है। इस बार हमारा लक्ष्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में प्रदेश में पहला और देश में टॉप पांच निकायों में स्थान प्राप्त करने का है। यह तभी संभव है, जब महानगर की एक-एक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझेगा। उनको स्वच्छता में केवल इतना सहयोग करना है कि वह शहर को अपने स्तर से गंदा न करें। रैली में सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, साइकल मोटिवेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक प्रेम सिंह, मोहित तलवार, अनुभव, अरशद, दीपक, पंकज कुमार, अगम तोमर, पवन राणा, विजेंद्र तोमर, शबाना खान, आंचल सिंह, खुशी, आरजू आदि शामिल हुए।