सहारनपुर। बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महंगी का फूड प्वाइजनिंग का मामला संसद में उठाया। उन्होंने छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन के निर्धारित मानकों की जानकारी मांगी। जवाब में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के बारे में पूरी जानकारी दी, साथ ही बताया कि राज्य सरकार ने उन्हें सूचित किया है कि मामले की जांच की जा रही है।
सांसद ने सदन को बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में फूड प्वाइजनिंग की वजह से करीब 30 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी थी, जिनमें से दस छात्राओं को जनपद के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जबकि कई छात्राओं को चंडीगढ़ के पीजीआई में भेजा गया था। वहां एक छात्रा आज भी भर्ती है। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय ऐसे संस्थान हैं, जहां बेटियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए। उनकी शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने मंत्री से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बालिकाओं को मुहैया कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी मांगी। साथ ही व्यवस्था का और दुरुस्त करने की मांग की, जिससे की भविष्य में अन्य किसी जगह पर फूड प्वाइजनिंग जैसा मामला सामने ना आए। उनके जवाब में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने पूरे विस्तार से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के बारे में जानकारी सदन के सामने रखी।