गांव गदरहेड़ी में सड़क पर भरा गंदा पानी
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। जिला पंचायत द्वारा डाली गई सीसी सड़क में जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण पिछले 15 दिन से गांव गदरहेड़ी की मुख्य सड़क पर आबादी से निकला गंदा पानी भरा है। इससे लोगों का घरों से निकलना तक दुश्वार हो गया है।
मुजफ्फराबाद ब्लॉक के गांव गदरहेड़ी में दो जुलाई को जिला पंचायत द्वारा सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। ग्रामीण फूल सिंह, सतीश सिंह, सोमपाल गुप्ता, राजपाल, रजनीश, संदीप और मोहन आदि का कहना है कि सीसी सड़क पहले वाली सड़क पर ऊंची उठा कर डाल दी गई है। ना ही सड़क के दोनों तरफ नाले का निर्माण किया गया है। इस कारण गांव की आबादी से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई और वह सड़क पर भर रहा है। पिछले एक पखवाड़े से घरों से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य सड़क पर जमा होने से सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो गई है। घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बन गया है। बारिश होने पर यह पानी घरों में घुस जाता है। ग्रामीणों ने गत शनिवार को बेहट में हुए समाधान दिवस पर डीएम अखिलेश सिंह के समक्ष समस्या के निदान की गुहार लगाई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क से गंदे पानी की निकासी गांव के उत्तर में स्थित तालाब में कराने की व्यवस्था की जाए।
उधर तहसीलदार बेहट प्रकाश सिंह ने बताया कि डीपीआरओ कार्यालय को शिकायत की जांच कर निस्तारण के लिए भेजा गया है। अभी तक आख्या नहीं आई है।
गांव गदरहेड़ी में सड़क पर भरा गंदा पानी- फोटो : SAHARANPUR