भाकियू अराजनैतिक की पंचायत को संबोधित करते जिलाध्यक्ष नरेश स्वामी
छुटमलपुर। भाकियू अराजनैतिक की पंचायत में बकाया गन्ना भुगतान कराने के लिए बजाज शुगर मिल पर दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई। किसानों ने सिंचाई के लिए रात के बजाए दिन के वक्त बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग भी उठाई। इस दौरान अनुज शर्मा को छुटमलपुर नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
लोक निर्माण विभाग के फतेहपुर भादो स्थित डाक बंगले में आयोजित पंचायत में जिलाध्यक्ष नरेश स्वामी ने कहा कि बिल जमा नहीं होने पर अधिकारी किसानों के कनेक्शन काट रहे हैं। जबकि बजाज शुगर मिल किसानों का दो सौ करोड़ रुपये दबाए बैठा है। किसान पाई पाई को मोहताज है। सरकार को चाहिए कि वह पहले किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करे। उसके बाद अपनी वसूली करे। युवा जिलाध्यक्ष पुनीत चौधरी ने कहा कि बिजलीकर्मी जबरन किसानों के नलकूपों पर मीटर लगा रहे हैं। इसे बरदाश्त नहीं किया जाएगा। किसान बिजली कर्मचारियों को अपने खेतों में ना घुसने दें।
जिला उपाध्यक्ष रवि सैनी और राजेश राणा ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए रात के वक्त बिजली दी जा रही है। ठंड के मौसम में दिन के वक्त सिंचाई के लिए नलकूपों को बिजली आपूर्ति की जाए। पंचायत में मुजफ्फराबाद पीएचसी को उच्चीकृत कर सीएचसी, बेहट और मुर्तजापुर के बीच से गुजर रही मसकरा नदी पर पुल बनाने की मांग की गई।
पंचायत में मुकेश कांबोज, रिषीपाल स्वामी, राहुल स्वामी, गुणवीर सैनी, सतपाल शर्मा, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता राजकरण यादव और संचालन राजेश राणा ने किया।