चिलकाना(सहारनपुर)। युवक से रात के समय मिलने गई युवती ने घर आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह यमुनानगर की नर्सरी में काम करता है। बुधवार रात उसका परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर में केवल उसकी 19 साल की बेटी थी। देर रात गांव तिड़फवा निवासी अनुज पुत्र संजय ने उसकी बेटी को पठेड़ बस स्टैंड पर बुलाया। बस स्टैंड पर मौजूद आसपास के लोगों ने उसे अनुज के साथ देख लिया। इससे उसकी बेटी डर गई। अनुज ने वहां मौजूद लोगों से कहा वह उससे मिलने के लिए आई है। लोकलाज के डर और इस बात से आहत होकर उसकी बेटी ने घर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में लेकर जाते समय उसकी मौत हो गई।
उधर, पुलिस ने बताया कि आरोपी अनुज को नथमलपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। अनुज ने पुलिस को बताया कि वह युवती से फोन बात करता था। बुधवार रात को उसने युवती को बुलाया था। जहां कुछ लड़कों ने उसे देख लिया था। सीओ सदर रुचि गुप्ता ने गांव पहुंच कर मृतका के परिजनों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।