बेहट में शाकंभरी देवी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करते राज्यमंत्री बृजेश सिंह। संवाद
सहारनपुर/नकुड़। आचार संहिता लगने से चंद घंटे पहले सत्ताधारी दल के नेताओं ने जनपद में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। एक ओर जहां गांव अघ्याना में बनने वाले स्टेडियम का हवन-पूजन और नारियल फोड़कर कार्य का शुरू कराया गया। वहीं शाकंभरी मार्ग के चौड़ीकरण की शुरुआत की गई। उधर, बड़गांव में महाराणा प्रताप चौक तथा अंबेहटा चांद में अन्नपूर्णा मॉडल शॉप का उद्घाटन किया गया।
गांव अघ्याना में विधायक मुकेश चौधरी की मौजूदगी में हवन पूजन के साथ स्टेडियम के निर्माण का कार्य शुरू कराया गया। करीब 42 बीघा जमीन पर 4.97 करोड़ रुपये की लागत आएगी। स्टेडियम आधुनिक एवं लगभग सभी प्रकार के खेलों के लिए सुविधाओं सुसज्जित होगा। स्टेडियम करीब एक वर्ष में बनकर तैयार होगा, जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखरने में मदद मिलेगी। हैरानी वाली बात यह है कि जिस युवा कल्याण विभाग की देखरेख में स्टेडियम बनाया जाना है उनके अधिकारियों को शुभारंभ की सूचना नहीं दी गई। जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक कुंडू ने बताया कि उनको शुभारंभ की कोई सूचना नहीं मिली है। ना ही जिलाधिकारी और सीडीओ की ओर से उनको कोई निर्देश इस संबंध में मिले।
महाराणा प्रताप चौक के सुंदरीकरण का अनावरण
बड़गांव। महाराणा प्रताप चौक के सुंदरीकरण का अनावरण लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने किया। चौक के सुंदरीकरण पर 2.11 करोड़ की लागत आएगी। इसके बाद गांव मौरा में राज्य मंत्री कुवंर बृजेश सिंह, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह ने रामपुर मनिहारन रोड शिवदासपुर की पुलिया से वाया मौरा पुलिया रजबहे के रास्ते करीब 13.5 किलोमीटर और 5.5 मीटर चौड़ीकरण का शिलान्यास किया। इस मार्ग पर 20.66 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उधर, गांव अंबेहटा चांद में राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने अन्नपूर्णा मांडल शाॅप का फीता काट कर उद्घाटन किया।
बेहट से भूरादेव मार्ग के चौड़ीकरण का शुभारंभ
बेहट। लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने शनिवार को मां शाकंभरी देवी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। बेहट से शाकंभरी देवी तक 15.68 किलोमीटर लंबी तथा दस मीटर चौड़ी सड़क पर 42.58 करोड़ की लागत आएगी। कार्य को पूरा करने के लिए 18 महीने का समय निर्धारित है।