संवाद न्यूज एजेंसी
नागल। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कस्बे के चिकित्सकों को नोटिस तामील कराने गए कर्मचारी को दुकानदारों ने घेर लिया। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने अवैध वसूली का आरोप लगा हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस कर्मचारी को थाने ले आई जहां एसीएमओ ने पहुंचकर मामले का निपटारा गया।
सुबह करीब 10 बजे स्वास्थ्य विभाग से कंप्यूटर सहायक मनीष कुमार कस्बे के एक चिकित्सक के यहां पहुंचा और उससे डिग्री पूछने लगा। इस पर आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। भाकियू तोमर के मंडल अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग का दलाल है, जो फर्जी चिकित्सकों से अवैध वसूली करता है। इसी बीच पुलिस कर्मचारी को थाने ले आई।
इसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की एसीएमओ पूजा शर्मा थाने पहुंची। उन्होंने बताया कि वह युवक उनके द्वारा भेजा गया था जो सभी चिकित्सकों को नोटिस तमिल करा रहा था जिससे सभी चिकित्सक निर्धारित समय अवधि में अपने डिग्री एवं कागजात विभाग तक देने का काम करें। ताकि अवैध क्लिनिक चलाने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सके। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने एसीएमओ को चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली की गई तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे।
उधर एसीएमओ डा पूजा शर्मा ने बताया कि शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग डेंगू आदि की फर्जी जांच कर रहे हैं। ऐसे में नियमित प्रक्रिया के तहत नोटिस भिजवाए गए थे। अवैध वसूली जैसे आरोप पूरी तरह गलत हैं।