सहारनपुर। विदेश में वाहन चलाने के लिए क्रेज बढ़ता जा रहा है। जिले में छह महीने के अंदर 99 लोगों ने इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया है। यह लाइसेंस कनाडा, आस्ट्रेलिया, जर्मनी, न्यूजीलैंड समेत 15 विदेशों में मान्य होता है। हर महीने आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ रही है।
दरअसल, विदेशों में वाहन चलाने के लिए संभागीय परिवहन विभाग से इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना होता है, जिसकी शर्तें में बेहद आसान हैं और आवेदन कर विदेश जाने का ड्राइविंग बनवा सकते हैं। इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस न केवल अधिकांश विदेश यात्रा करने वालों के काम आता है, बल्कि जो कभी-कभार विदेश जाते हैं, उन्हें भी इसका फायदा मिलता है। इस लाइसेंस के जरिए कई देशों में गाड़ी किराए पर आसानी से उपलब्ध होने के साथ ही ड्राइविंग करने की भी अनुमति मिलती है। जिले से लोग कनाडा, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड जाते रहते हैं। इसके साथ ही युवाओं में भी विदेश जाने का क्रेज बढ़ा है। नौकरी के साथ पढ़ाई कर रहे हैं। संभागीय परिवहन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एक जनवरी से 15 जुलाई तक 99 लोगों ने इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया है, जो अलग-अलग जगहों के हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस के लिए लोगों में क्रेज बढ़ा है। आवेदन में शर्तें पूरी करने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाता है।