सहारनपुर। तू डाल-डाल मैं पात-पात, यह कहावत महानगर के कुछ बाशिंदों पर बिल्कुल सटीक बैठती है। एक घंटा पहले नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया, लेकिन टीम के वहां से हटते ही कुछ दुकानदारों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया। एक घंटे बाद ही फिर से स्मार्ट रोड के फुटपाथ पर दुकानें सज गईं।
दरअसल, बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर आए थे। उन्होंने बैठक के दौरान अतिक्रमण को लेकर महापौर पर तल्ख टिप्पणी की थी। अगले ही दिन नगर निगम ने लिंक रोड से वर्षों पुराना अतिक्रमण ध्वस्त किया था। उसके बाद मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटाने को लेकर मंथन किया था।
इसी क्रम में दो दिन पहले नगर निगम ने कोर्ट रोड पर घंटाघर से कोर्ट रोड पुल तक तथा रेलवे रोड और जीपीओ रोड पर लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की अपील अतिक्रमणकारियों से की थी। सोमवार को अभियान चलाने की जानकारी भी दी गई थी। घोषणा के अनुसार सोमवार को अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा दल और बल के साथ पहुंचे। निगम की टीम ने फुटपाथ और सड़कों पर रखा सामान, हटवाया और कुछ सामान जब्त किया। करीब एक घंटे तक अभियान चलने के दौरान अतिक्रमणकारी शांत रहे। लेकिन नगर निगम की टीम के जाते ही अनेक दुकानदारों ने फिर से सामान फुटपाथ पर रख लिया। अनेक चौपहिया वाहन भी फुटपाथ पर खड़े कर दिए गए।
एक दर्जन से अधिक दुकानों का किया सामान जब्त
सहारनपुर। नगरायुक्त संजय चौहान के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा की अगुवाई में नगर निगम की टीम दल बल के साथ सोमवार की दोपहर कोर्ट रोड और रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची। टीम को देखते ही दुकानदारों ने सामान दुकानों में समेट लिया। अनेक रेहड़ी और ठेली चालक अपनी ठेहलियां सुरक्षित स्थान पर ले गए। कई दुकानों के सामने से सामान जब्त भी किया। अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा। अतिक्रमण हटाने वाली टीम में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एचबी गुरुंग व प्रवर्तन दल के जवान भी शामिल रहे।