मेला परिसर में सफाई के बाद किया गया चूने का छिड़काव।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम अधिकारियों ने मेला गुघाल परिसर में जाकर साफ सफाई कराई। जलभराव से निपटने के लिए नालियों की सफाई कराई, साथ ही मेले में आने वाले लोगों के लिए मोबाइल शौचालय खड़ा कराया। अमर उजाला ने बुधवार के संस्करण में मेला गुघाल परिसर में बदहाली को लेकर प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद निगम के अधिकारी सक्रिय हुए।
मेला गुघाल परिसर में कच्ची सड़कों पर उड़ रही धूल, नाली चोक होने से हुआ जलभराव तथा शौच के लिए मोबाइल शौचालय आदि की व्यवस्था नहीं होने से मेले में आने वाले लोग और दुकानदार परेशान हैं। मेले में घूमने के बाद लोगों की हालत धूल से खराब हो रही है। लोगों की समस्याओं को देखते हुए ही समाचार प्रकाशित किया गया, जिसके बाद बुधवार को नगर निगम के सफाईकर्मियों की टीम ने चोक हुई नालियों की सफाई कराई। जहां भी गंदगी थी उसको साफ कराया गया। इसके अलावा धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी के छिड़काव की व्यवस्था की गई है, साथ ही लोगों के लिए मोबाइल शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। एक शौचालय मुख्य द्वार के पास और दूसरा झूलों की साइड खड़ा किया गया है।
-------
इसलिए हैं कच्ची सड़कें
मेला गुघाल क्षेत्र की सड़कें विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई जानी हैं, जिनका टेंडर भी हो चुका है, लेकिन बरसात की वजह से काम रुका हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि मेला समाप्ति के बाद तुरंत सड़कों का निर्माण शुरू होगा। मेला परिसर की सड़कों पर सीवर लाइन डाली जा चुकी है।
मेला परिसर में की गई नाली की सफाई।- फोटो : SAHARANPUR
मेला गुघाल परिसर में खड़ा किया गया मोबाइल शौचालय।- फोटो : SAHARANPUR