नागल/सहारनपुर। ताशीपुर-चहलोली मार्ग पर लकड़ी के ठेकेदार का शव मिलने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ठेकेदार के सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट यह बात सामने आई है। एसएसपी ने वारदात के खुलासे को तीन टीमों को लगाया है।
थाना नागल क्षेत्र के गांव ताशीपुर निवासी अमजद (42) लकड़ी की ठेकेदारी करता था। सोमवार की शाम सात बजे घर से बाइक पर निकला था। गांव ताशीपुर-चहलोली मार्ग पर बिजली घर के पास उसका शव पड़ा मिला था और सिर कुचला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। बाद में परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। वहीं, मृतक के भाई असजर ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आशंका जताई थी कि अमजद की साजिश के तहत वाहन से टक्कर मारकर हत्या की गई है।
मंगलवार को चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें अमजद के सिर में गोली लगने का खुलासा हुआ है। इससे साफ गोली मारकर अमजद की हत्या की गई है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मामला हत्या में तरमीम कर दिया गया है। वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया है।
बेटा थोड़ी देर में आ जाऊंगा वापस, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
अमजद के भाई असजर ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। वह भी समझ नहीं पा रहे हैं कि अमजद की हत्या किसने और क्यों की है। अमजद के चार बच्चे हैं, जिनमें 15 और 16 वर्ष की दो बेटी, 13 वर्ष का बेटा और 10 दस साल की सबसे छोटी बेटी है। अमजद अपने बेटे से कहकर निकला था कि थोड़ी देर में बेटा घर आ जाऊंगा। अमजद की मौत से परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। पुलिस उसकी कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
सांसद और कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से की वार्ता
पोस्मार्टम हाऊस पर सांसद हाजी फजलुरर्हमान ने मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। सांसद ने घटना के जल्द खुलासे के संबंध में पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। वहीं, कांग्रेस नेता शायान मसूद ने भी पोस्टमार्टम हाऊस पर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने भी फोन पर अधिकारियों से वार्ता कर घटना के खुलासे की मांग की।